Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

संजय मार्केट से मरीन ड्राइव तक बदलेगी तस्वीर! रायगढ़ में 4 बड़े प्रोजेक्ट घोषित

रायगढ़ को मिली 126.92 करोड़ की सौगात, डिप्टी CM ने 4 बड़े कामों का किया ऐलान

CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़: सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को रायगढ़ में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के 126.92 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली जुड़े।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके मकानों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से घरों की चाबी भी सौंपी गई।

शहर के लिए चार बड़े कामों की घोषणा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायगढ़ शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की। इनमें—

  • संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपये
  • रामलीला मैदान के विकास, मंच और पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये
  • तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपये
  • केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन के लिए 9.97 करोड़ रुपये

शामिल हैं।

'रायगढ़ को विकसित जिला बनाने पर जोर'

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने करीब 10 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की सूची दी है, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि शहर की जरूरत के मुताबिक सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्माण एजेंसियों को काम तेजी से पूरा करने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

ओपी चौधरी ने गिनाईं विकास परियोजनाएं

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि रायगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल समेत विभिन्न कार्यों के लिए 1,426 करोड़ रुपये की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन, पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन, तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन समेत कई सड़क परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है।

चौधरी ने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे प्रस्तावित/स्वीकृत कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहर की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम को लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा