बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और शांति व्यवस्था प्रभावित करने की शिकायतों के बीच पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस और बीट आरक्षकों ने चिन्हित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर निगरानी और चेकिंग बढ़ाई।
सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उज्जवल कश्यप (20), आशीष प्रमाणित उर्फ आशु (22), रिजवान खान (21), मोहम्मद सिकंदर उर्फ आदिल (24), अभिषेक साहू (34), प्रफुल्ल पांडेय उर्फ छोटू (34) और नीलकमल केंवट उर्फ नीलू (24) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि सभी को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई और कानून के तहत आगे की कार्रवाई के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के संवेदनशील और चिन्हित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशाखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर अशांति या कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

