Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘अपनी लकीर लंबी खींचें, दूसरों से तुलना न करें’,- गर्ग

एलसीआईटी के ‘वेनिस कार्निवल’ में पहुंचे IG रामगोपाल गर्ग, छात्रों को बताए सफलता के 5 मंत्र

बिलासपुर / TODAY छत्तीसगढ़  / एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए मंगलवार को ‘वेनिस कार्निवल- द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। कॉलेज के कला एवं मानविकी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता और बेहतर जीवन निर्माण के कई व्यावहारिक मंत्र दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। कॉलेज परिवार की ओर से मुख्य अतिथि IG रामगोपाल गर्ग का श्रीफल, पौधा, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, कॉलेज के पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, NCC अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

‘अपनी लकीर लंबी खींचें, दूसरों से तुलना न करें’

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए IG रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सफलता के लिए दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय खुद को लगातार बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ईर्ष्या छोड़कर आत्म-विकास की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है। इसलिए विद्यार्थियों को एक-दूसरे की मदद और सहयोग की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी विद्यार्थी की पहचान केवल उसके अंकों से नहीं होती। चरित्र, अनुशासन और सही सवाल पूछने की क्षमता उसकी वास्तविक पहचान बनाती है।

IG ने विद्यार्थियों को मेहनत के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और सही रणनीति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने समय को सबसे महत्वपूर्ण बताया और कहा कि बीता हुआ समय दोबारा वापस नहीं आता, इसलिए उसका सही इस्तेमाल करना चाहिए।

UPSC- CGPSC में मानविकी विषयों की अहम भूमिका

IG गर्ग ने कला एवं मानविकी विषयों की उपयोगिता पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी-अंग्रेजी समेत भाषाएं और अर्थशास्त्र जैसे विषय प्रशासनिक सेवाओं, पुलिस सेवाओं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह समझने के लिए प्रेरित किया कि मानविकी विषय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और प्रशासन को समझने में भी इनकी बड़ी भूमिका है।

‘हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी के लिए पहनें’

कार्यक्रम में IG ने विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझने और उनका पालन करने की अपील की।

समाज की समस्याओं पर रिसर्च की जरूरत

IG गर्ग ने कहा कि रिसर्च सिर्फ विज्ञान के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। समाजशास्त्र जैसे विषयों के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रभावों पर शोध कर सरकार की नीति बनाने में उपयोगी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरणादायक फिल्में देखने का सुझाव भी दिया।

NCC कैडेट्स हुए सम्मानित

समारोह के दौरान IG रामगोपाल गर्ग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले NCC छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा