Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

घर में ताला लगाकर खेत गई महिला, लौटकर देखा तो उड़ गए गहने

चोरी का माल सहयोगी महिला के घर छिपाने का खुलासा

बिलासपुर /  TODAY छत्तीसगढ़  /  सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में एक युवक और महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह काम के लिए एनटीपीसी सीपत चले गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी रात्रे करीब 8:30 बजे घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गईं।

करीब 11:45 बजे जब वह खेत से वापस घर पहुंचीं तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का दरवाजा खुला था और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके बाद मामले की सूचना सीपत पुलिस को दी गई।

मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीपत थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बीट आरक्षकों को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी (31) को चोरी के समय प्रार्थी के घर के आसपास देखा गया था।

पुलिस ने दिनेश की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की तो उसके पूर्व में भी चोरी के मामले में चालान होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन पुलिस की सख्ती से पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली।

घर खाली देखकर तोड़ा ताला

पुलिस के अनुसार, दिनेश ने बताया कि प्रार्थी का मकान उसके घर के आसपास ही है। 24 अगस्त को जब सनत कुमार और उनकी पत्नी घर से बाहर चले गए तो उसने मौका देखकर घर के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गया।

इसके बाद उसने आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने चोरी के जेवर अपनी सहयोगी सनिता कौसले (37) के पास छिपा दिए थे।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सनिता कौसले के कब्जे से चोरी के 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए। पुलिस ने चोरी गए जेवरों का शत-प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है।

दोनों आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने मामले में दिनेश सोनवानी पिता पंचराम सोनवानी (31), निवासी दर्राभाठा और सनिता कौसले पति स्व. बसंत कौसले (37), निवासी रामा केयर अस्पताल, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सीपत पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा किया।

बरामद सामान

  • 7.66 ग्राम सोने के जेवर
  • 361 ग्राम चांदी के जेवर
  • चोरी गए जेवरों का शत-प्रतिशत माल बरामद
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा