Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मुख्यमंत्री से लघु उद्योग भारती की मुलाकात, इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर पर चर्चा

रायपुर में सितंबर में होगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में प्रस्तावित 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (आईआईएफ) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर होने वाला राष्ट्रीय औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं को बढ़ावा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने और व्यापार विस्तार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का प्रमुख संगठन है, जो सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। उनके अनुसार, रायपुर में आयोजित होने वाला यह औद्योगिक मेला देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा, जहां आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन और व्यापार विस्तार के नए अवसर विकसित होंगे।

बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा