रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को लोकभवन में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है और इसे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता तथा ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि चुनौतियों के साथ हमेशा नए अवसर भी जुड़े होते हैं। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक परिस्थिति का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करते हुए जनता के हित में निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक निर्णयों में मानवीय संवेदनाओं के समावेश पर जोर देते हुए कहा कि हर कार्य में 'ह्यूमन टच' होना आवश्यक है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आम लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने, आमजन से संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने की सलाह दी। राज्यपाल ने कहा कि जो कार्य संभव हो उसे प्राथमिकता के साथ पूरा करें और यदि किसी कारणवश कोई कार्य नहीं हो सकता तो संबंधित व्यक्ति को इसकी स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी अवश्य दें। इससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होता है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के लिए तार्किक सोच, तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय और विवेकपूर्ण निष्कर्ष अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना प्रत्येक लोकसेवक का प्रथम कर्तव्य है और अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि युवा प्रशासनिक अधिकारियों के कंधों पर भविष्य के प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे शांत, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य में सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही एक सफल प्रशासनिक अधिकारी की पहचान होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी के महानिदेशक टी.सी. महावर, प्रशिक्षण निदेशक मेनका प्रधान तथा वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर उपस्थित रहे।

