Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ट्रकों से डीजल निकालकर बेचने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह पर शिकंजा, तीन आरोपी अब भी फरार

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले कथित अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को एक ट्रेलर मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके वाहन में रायपुर से सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के लिए रवाना होने से पहले करीब 200 लीटर डीजल भरा गया था। चालक नेशनल हाईवे पर गतौरी स्थित बाबी ढाबा के पास भोजन करने के लिए रुका। इसी दौरान ट्रेलर की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया।

शिकायत मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग दो स्कॉर्पियो वाहनों में चोरी का डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में दो स्कॉर्पियो वाहनों से 200 लीटर डीजल, डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाले पाइप और लोहे की छड़ बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया (32) निवासी अनूपपुर (मध्य प्रदेश) और भानु प्रसाद लोनिया (37) निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा