Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

VIDEO: पानी के तेज बहाव में रपटा पार करना पड़ा भारी, बड़ा हादसा टला

कवर्धा:  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही लापरवाही की तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं। पंडरिया क्षेत्र के ढोल-ढोली रपटा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पुल (रपटा) के ऊपर तेज बहाव से पानी गुजर रहा था, इसके बावजूद एक मालवाहक वाहन को पार कराने की कोशिश की गई। इसी दौरान वाहन बीच रपटा में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालवाहक वाहन में 20 से अधिक लोग सवार थे। गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दो दिनों से हो रही है भारी बारिश

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंडरिया क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके चलते नदी-नाले और रपटे उफान पर हैं। ऐसे में पानी के ऊपर से बह रहे रपटों को पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

जोखिम उठाना पड़ सकता है भारी

वीडियो एक बार फिर यह संदेश देता है कि बारिश के दौरान पानी से डूबे पुल या रपटे को पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। थोड़ी सी जल्दबाजी या लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

प्रशासन और विशेषज्ञ भी लगातार लोगों से अपील करते हैं कि पानी के तेज बहाव वाले रपटों और पुलों को पार करने की कोशिश न करें तथा सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें। जिंदगी से बढ़कर कुछ भी नहीं है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com