बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मछली चोरी के दौरान पकड़े जाने और उसके बाद हुए विवाद की रंजिश में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले दोनों ने कथित तौर पर कान्हा उर्फ गोलू धीवर और अनिश उर्फ छोटू धीवर को बांध में मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान तीरथ राम ने घटना का वीडियो बनाया था। आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया था। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची और बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई की रात तीरथ राम यादव और श्याम सिंह पोर्ते मोटरसाइकिल से खूंटाघाट बांध की ओर जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन मोटरसाइकिल के सामने लगा दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
आरोप है कि इसके बाद कान्हा उर्फ गोलू धीवर, अनिश उर्फ छोटू धीवर और शुभम प्रधान उर्फ शोभू ने डंडों से हमला कर दिया। श्याम सिंह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि तीरथ राम यादव की आरोपियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मामले की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश के कारण योजनाबद्ध तरीके से की गई।

