Slider

फ़रार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 167 स्थायी वारंटों समेत 274 अभियुक्त भेजे गए कोर्ट

लंबित मामलों को निपटाने के लिए दुर्ग पुलिस का अभियान, 3 दिनों में 274 वारंट किए तामील

TODAY छत्तीसगढ़  / न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में तीन दिनों के भीतर 274 वारंटों का सफल निष्पादन किया गया। अभियान के दौरान 107 गिरफ्तारी वारंट और 167 स्थायी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 5 से 7 जुलाई तक जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी राजपत्रित अधिकारियों ने की, जबकि सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए थे।

अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर वारंटियों के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों के घरों और अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर फरार वारंटियों का पता लगाया गया।

पुलिस के अनुसार तीन दिनों में 107 गिरफ्तारी वारंट और 167 स्थायी वारंट तामील किए गए। सभी वारंटियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालयों में प्रस्तुत किया गया।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि यह अभियान न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी पालन, लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

समन्वित कार्रवाई से मिली सफलता

पुलिस ने बताया कि अभियान की सफलता में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, विवेचकों, वारंट सेल, पुलिस कंट्रोल रूम तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समन्वित एवं सतत कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि न्यायालयीन आदेशों का सम्मान करें। यदि किसी फरार वारंटी के संबंध में जानकारी हो तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा और फरार वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा