Slider

8.5 टन संदिग्ध कबाड़ जब्त, 22 लाख की संपत्ति पर पुलिस का कब्जा; चालक गिरफ्तार

TODAY छत्तीसगढ़  / रायगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8.5 टन संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे महिंद्रा 6 चक्का वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन कर रहे चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरकर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान महिंद्रा 6 चक्का वाहन (CG-12 BD-1623) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान तौफिक खान (19 वर्ष), निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, जिला कोरबा के रूप में बताई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में लगभग 8.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त 20 लाख रुपये कीमत का महिंद्रा 6 चक्का वाहन जब्त कर लिया। इस तरह कुल 22 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(क), 35(ड) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब कबाड़ के स्रोत और उसके वास्तविक मालिक का पता लगाने में जुटी है।

एसएसपी बोले— अवैध कबाड़ कारोबार पर रहेगा प्रहार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा