Slider

थाने में बच्चों ने सीखा कानून और पुलिसिंग का पाठ

साइबर सुरक्षा व नए आपराधिक कानूनों से हुए रूबरू

सामुदायिक पुलिसिंग की पहल
रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से थाना घरघोड़ा में एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। बैहामुड़ा स्थित जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने थाना पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली, नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिकायत दर्ज होने से लेकर एफआईआर, विवेचना, साक्ष्य संकलन, आरोपी की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी कार्यवाही सरल भाषा में समझाई।

उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिसिंग अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित हो गई है। अब देश के किसी भी हिस्से से शिकायत दर्ज कराने, डिजिटल माध्यम से साक्ष्य संकलित करने और ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने जैसी सुविधाओं से लोगों को त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिल रही है।

सीसीटीएनएस और पुलिस व्यवस्था की दी जानकारी

थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) की कार्यप्रणाली, थाना प्रभारी और थाना मुंशी की जिम्मेदारियों सहित पुलिस थाने के विभिन्न विभागों के कार्यों से भी परिचित कराया गया। बच्चों ने अपराध जांच, गिरफ्तारी, साइबर अपराध और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने व्यवहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया।

गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता

कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करे तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत माता-पिता, शिक्षक, अभिभावक या पुलिस को इसकी जानकारी दें। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा बच्चों की मित्र और संरक्षक है।

इसके साथ ही सोशल मीडिया, मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेमिंग के सुरक्षित उपयोग पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेम, लालच या भावनात्मक संदेशों के जरिए बच्चों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी घटना की सही जानकारी पुलिस को देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। झूठी शिकायत या गलत सूचना देना भी कानूनन अपराध है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा