बेलगहना क्षेत्र में छठी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर सड़क पर घसीटने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की शाम अमर सिंह पेन्द्रो अपने पड़ोसी के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान आरोपी रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह शराब पीकर माहौल खराब कर रहा है और घर चला जाए। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर अमर सिंह की लात-घूंसों और मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी।
आरोप है कि देर रात आरोपियों ने दोबारा अमर सिंह के साथ मारपीट की और उसे कार्यक्रम स्थल से करीब 60-65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटते हुए उसके घर के पास छोड़ दिया। मारपीट के दौरान उसकी पत्नी ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने।
पुलिस के मुताबिक, अमर सिंह ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी और सो गया। रात में जब परिवार के लोग उसे खाने के लिए जगाने पहुंचे तो वह मृत मिला। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस ने रोहित पोर्ते (30), दीपक पोर्ते (23) और प्रदीप वाकरे (21) के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी पुलिस और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

.jpeg)