फरसा की नोक पर लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन लूटे गए मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल धारदार फरसा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 20 जून की रात करीब 1:40 बजे डीआरएम ऑफिस के पास हुई थी, जहां बाइक सवार युवक को फरसा दिखाकर उसका रियलमी मोबाइल और 1,800 रुपये लूट लिए गए थे। दूसरी वारदात 6 जुलाई की रात वॉल्टेयर लाइन के पास हुई, जहां एक्टिवा सवार और एक हाईवा चालक को रोककर चाकू दिखाते हुए दो मोबाइल फोन और 1,750 रुपये लूट लिए गए थे।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीन मोबाइल फोन, नगदी और वारदात में इस्तेमाल धारदार फरसा बरामद किया। चोरी का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में करीब 54,998 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जयराज तांडी (20), करन नायक (18), दिनेश सोना (23), कृष्णा उर्फ अर्जुन उर्फ बाबू (19), बबलू महानंद (34) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

.jpeg)