बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / कोटा थाना क्षेत्र में एक घर से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, जांच में शिकायतकर्ता का नाती ही चोरी का आरोपी निकला, जिसने पूछताछ में वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को मौहारखार निवासी शिकायतकर्ता ने फोन पर सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह शिकायतकर्ता के नाती पर गया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से सोने के झुमके, टॉप्स, नेकलेस, मंगलसूत्र, नोज पिन, अंगूठी सहित चांदी की पायल, करधन, बिछिया, सिक्के, कटोरी और अन्य आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शिकायतकर्ता का नाती है। इसलिए शिकायतकर्ता ने आपराधिक मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने इसे पारिवारिक मामला बताते हुए आपसी सहमति से स्टाम्प पेपर पर लिखित आवेदन देकर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई है।

