जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़ / इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती का कथित अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने और ब्लैकमेल करने के मामले में चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच नियमित रूप से वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने बिना उसकी जानकारी के वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसी के आधार पर उसे ब्लैकमेल करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। शिकायत के अनुसार आरोपी ने बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने आईटी अधिनियम की धारा 67(ए) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन कोलकाता में ट्रेस की गई।
पुलिस टीम ने कोलकाता पहुंचकर अमल रैन (19) निवासी रविंद्र सारनी, थाना पोस्ता, जिला कोलकाता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और निजी फोटो या वीडियो साझा करने से बचें।

