बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड का 9वां इंस्टॉलेशन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में क्लब के नए पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया, जिसमें रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने अध्यक्ष, रोटेरियन रौनक साव ने सचिव और रोटेरियन विमलेश अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाला।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने रोटरी के मूल्यों, सेवा भावना और सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की आवश्यकताओं को समझकर संवेदनशीलता के साथ किया गया कार्य ही वास्तविक सेवा है। उन्होंने रोटेरियंस से सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. देविंदर सिंह ने संस्था की सफलता में टीमवर्क और सक्रिय सहभागिता की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने क्लब में शामिल हुए नौ नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
गेस्ट ऑफ ऑनर एवं सहायक प्रांतपाल रोटेरियन नवीन सिस्तला ने रोटरी के इतिहास और वैश्विक सेवा कार्यों की जानकारी साझा करते हुए नए नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और सेवा परियोजनाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद रोटरी की परंपरा के अनुसार कॉलर एक्सचेंज के माध्यम से उन्होंने अध्यक्ष पद का दायित्व प्रमोद अग्रवाल को सौंपा।
अपने पहले अध्यक्षीय संबोधन में प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि आगामी वर्ष में क्लब का फोकस स्थायी एवं प्रभावी सेवा परियोजनाओं, सदस्य सहभागिता, फेलोशिप और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले कार्यों पर रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से रोटरी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में अखिलेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अनुमय श्रीवास्तव, अविनाश अग्रवाल, डॉ. रवि शेखर, गिरीश आहूजा, नवदीप अरोड़ा, शरद अग्रवाल और विशाल जैन सहित नौ नए सदस्यों का विधिवत अधिष्ठापन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्लब के सचिव रौनक साव ने अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुभूति प्रजापति ने किया। समारोह में शहर के वरिष्ठ रोटेरियंस, उद्योगपति, समाजसेवी और विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

