Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

महिला के घर चल रहा था ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टा, पुलिस की रेड में मोबाइल और सट्टा-पट्टी जब्त

TODAY छत्तीसगढ़  / जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत रायगढ़ पुलिस ने शहीद चौक क्षेत्र में एक महिला के घर छापेमार कार्रवाई कर उसे सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और नगदी जब्त कर महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवैध सट्टा संचालित कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान अनिता साहू घर पर मौजूद मिली। पूछताछ में उसने सट्टा-पट्टी लिखने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसकी गैलरी में राजधानी कल्याण के विभिन्न सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और हिसाब-किताब सुरक्षित मिला।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से रकम लेकर अवैध सट्टा संचालित कर रही थी। पुलिस ने मौके से 480 रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा सट्टा संचालन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।

पुलिस ने अनिता साहू (32 वर्ष), निवासी शहीद चौक, रायगढ़ के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत जिले में जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा