Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्कूल पहुंचे थाना प्रभारी, छात्रों से बोले— OTP कभी शेयर मत करना

कानून का सम्मान और डिजिटल सतर्कता पर पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

घरघोड़ा स्थित सेंट ऐन्स हाई स्कूल में आयोजित छात्र नेतृत्व कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने अनुशासन, डिजिटल सतर्कता और कानून के सम्मान को सुरक्षित समाज की नींव बताया।
रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत घरघोड़ा स्थित सेंट ऐन्स हाई स्कूल में आयोजित छात्र प्रेसीडेंट चुनाव कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विद्यालय प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन कानूनों का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाना है।

निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रत्येक बच्चे का अधिकार है तथा अनुशासन, नैतिक मूल्यों और कानून के प्रति सम्मान से ही एक जिम्मेदार समाज का निर्माण होता है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम, ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण कानूनों और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। साथ ही डायल-112 और हेलो सिस्टर हेल्पलाइन सहित विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर मालिनी डिगल, उप-प्राचार्य सिस्टर चिन्ना, प्रबंधक सिस्टर बर्था, शिक्षक अध्यक्ष शांता खड़बंदे सहित विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की आधारशिला भी हैं। उनके अनुसार विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, अनुशासन और साइबर सुरक्षा की समझ विकसित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा