तखतपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छात्राओं में स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तखतपुर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आर्यन फ़िल्म की ओर से किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं से संवाद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह शामिल हुए। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे तथा नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा और इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसके प्रति जागरूकता तथा स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और शिक्षा को जीवन की प्राथमिकता बनाने की सलाह दी।
डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वासी और सजग रहने का संदेश देते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस विभाग उनकी सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित बेटियां समाज और देश के विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद करने और सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान मिडिल स्कूल की छात्राओं को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। अतिथियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में उत्कृष्ट योगदान देने वाली छात्राओं, संस्था प्रमुखों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। छात्राओं ने स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व यातायात उपनिरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य जितेंद्र शुक्ला ने किया।
| कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख संदेश
- मासिक धर्म एक सामान्य और प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है।
- व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित आहार किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
- छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करनी चाहिए।
- शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता ही सशक्तिकरण का आधार हैं।

.jpeg)