Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पहले स्कूटी को उड़ाया, फिर स्कूल बस से भिड़ी कार... 18 साल के युवक की मौत

तेज रफ्तार कार बनी जानलेवा, चालक वाहन छोड़कर फरार

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के वेयरहाउस रोड पर रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारी और उसके बाद अनियंत्रित होकर एक स्कूल की मिनी बस से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 7:30 बजे संजीवनी हॉस्पिटल के सामने हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार से वेयरहाउस रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। 

टक्कर के बाद कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। इस टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में बच्चे थे या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को पहले सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (18), निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। जांच के बाद दुर्घटना के कारणों और चालक की जिम्मेदारी को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा