बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने दावा किया है कि 21 जुलाई को ट्रेन संख्या 12809 हावड़ा–सीएसएमटी मेल में यात्रा कर रही एक गंभीर मरीज को समय रहते मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराकर आपात स्थिति में सहायता प्रदान की गई।
रेलवे के अनुसार, कोच ए-2 में यात्रा कर रहीं 65 वर्षीय सुनीता को लगातार मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता थी। नागपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद टिकट जांच के दौरान उनके परिजनों ने ट्रेन कैप्टन एवं उप मुख्य टिकट निरीक्षक राजेश मिश्रा को बताया कि उनके पास मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर में कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन शेष है और तत्काल नए सिलेंडर की आवश्यकता है।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेश मिश्रा ने नागपुर कमर्शियल कंट्रोल से संपर्क किया। वहां तत्काल व्यवस्था नहीं होने पर रायपुर कमर्शियल कंट्रोल, स्टेशन अधिकारियों और संबंधित मेडिकल टीम के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
रेलवे का कहना है कि ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचने पर मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर को कोच तक पहुंचाकर तुरंत लगाया गया। समय पर नया सिलेंडर मिलने से महिला यात्री का ऑक्सीजन स्तर सामान्य बना रहा और वह अपनी यात्रा सुरक्षित रूप से जारी रख सकीं।
रेलवे के अनुसार, मरीज के परिजनों ने संकट की घड़ी में मिली सहायता के लिए रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि यात्रियों की आवश्यकताओं पर तत्काल कार्रवाई करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

