बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / लगातार बारिश से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक सुशांत शुक्ला विधानसभा सत्र से लौटते ही सीधे प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर प्रभावित परिवारों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने जोरापारा, ड्रीम इम्पीरिया, जगदंबा कॉलोनी, चांटीडीह, देवनंदन नगर, विजयापुरम, डबरीपारा, चिंगराजपारा, लिंगियाडीह, राजकिशोर नगर, बिजौर और बहतराई सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा सत्र के कारण वे क्षेत्र में उपस्थित नहीं हो सके थे, जिसकी जानकारी उन्होंने पहले ही क्षेत्रवासियों को दे दी थी। क्षेत्र लौटने के बाद उनका पहला दायित्व प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और राहत कार्यों को गति देना रहा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा केवल एक चुनौती नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और एकजुटता की भी परीक्षा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेलतरा विधानसभा का कोई भी परिवार इस संकट की घड़ी में स्वयं को अकेला महसूस नहीं करेगा और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी।
विधायक ने कहा कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा जारी रखेंगे। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, संयम बनाए रखने तथा अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

