Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मोदी ने 75 अमृत भारत स्टेशनों को राष्ट्र को किया समर्पित

चांपा, बालोद और सरोना को मिली नई पहचान

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और रेलवे स्टेशनों को क्षेत्रीय विरासत के अनुरूप विकसित करना है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के सरोना, बालोद और चांपा तथा मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट स्टेशन इस चरण में राष्ट्र को समर्पित किए गए। इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर पहुंच, उन्नत प्रतीक्षालय, पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं और स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाली वास्तुकला के साथ विकसित किया गया है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, बालोद स्टेशन को कृषि और स्थानीय बुनाई परंपराओं, चांपा जंक्शन को क्षेत्रीय संपर्क और कृषि विरासत तथा सरोना स्टेशन को स्थानीय बुनाई परंपराओं और बेहतर कनेक्टिविटी की थीम पर विकसित किया गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत दिसंबर 2022 में की गई थी। यह रेलवे स्टेशनों के चरणबद्ध आधुनिकीकरण की दीर्घकालिक योजना है, जिसके तहत देशभर के 1,340 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। अब तक 261 स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्टेशनों पर विभिन्न चरणों में कार्य जारी है।

इस योजना के तहत स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, विस्तृत प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, एयर कॉनकोर्स, बेहतर पार्किंग, यात्री सूचना प्रणाली, लिफ्ट, रैंप, टैक्टाइल पाथ, एग्जीक्यूटिव लाउंज तथा पर्यावरण अनुकूल और शहर से जुड़े डिज़ाइन विकसित किए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा