बिलासपुर / सरगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी का बिलासपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत सरगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। वे बिलासपुर में आयोजित 'छात्रों की गूंज: छात्र संवाद कार्यक्रम' में शामिल होने रायपुर से बिलासपुर जा रहे थे।
इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे। सरगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेताओं का पुष्पमालाओं और बुके भेंट कर स्वागत किया।
स्वागत के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि देश का भविष्य उसके छात्र और युवा हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को सुनना और उनके मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाना है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी युवाओं, छात्रों, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उनके अनुसार, आज युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और समान अवसरों की आवश्यकता है तथा कांग्रेस इन मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला सहित कांग्रेस पदाधिकारी, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

