बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा-पोस्ता के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 3.264 किलोग्राम डोडा-पोस्ता बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 12 जुलाई को अड्डेबाजी की जांच के समय सूचना मिली कि महमंद बायपास रोड पर चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में एक थैला लेकर खड़े हैं और नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर चारों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले से छह पारदर्शी पॉलीथिन में रखा 3.264 किलोग्राम डोडा-पोस्ता बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनमोहन सिंह कल्ले उर्फ मोना, सुरजीत सिंह, पुष्पराज जांगड़े और सुरेंद्र ध्रुव के रूप में हुई। इनमें दो आरोपी पंजाब, एक मुंगेली और एक बिलासपुर जिले का निवासी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने या उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
नोट: आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस की जांच पर आधारित हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।

.jpeg)