बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में किन्नर समुदाय के कुछ लोगों के बीच चल रही एक पार्टी के दौरान विवाद के बाद एक किन्नर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान तन्नू किन्नर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के नाक से खून निकल रहा था और गले पर निशान भी पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग सिम्स अस्पताल पहुंच गए। मृतक के साथियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

