Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अमित जोगी बोले— JCCJ अब नए स्वरूप और नई सोच के साथ आगे बढ़ेगी

‘बेटा बचाओ आंदोलन’ के जरिए युवाओं तक पहुंचेगी JCCJ

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान ‘JCCJ 2.0 – नया विजन, नया स्वरूप और नई कार्ययोजना’ की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में पार्टी की सर्वोच्च नेता डॉ. रेणु जोगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) अब नए संगठनात्मक ढांचे, नई सोच और जनकेंद्रित कार्ययोजना के साथ प्रदेशभर में अपनी गतिविधियों का विस्तार करेगी। उन्होंने बताया कि JCCJ 2.0 को प्रदेशव्यापी ‘बेटा बचाओ आंदोलन’ से जोड़ा गया है। उनके अनुसार यह अभियान नशे की गिरफ्त में फंस रहे युवाओं को बचाने और परिवारों में जागरूकता लाने का सामाजिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षक, चिकित्सक और पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

लोकतंत्र और राजनीतिक सुधारों पर रखी बात

अमित जोगी ने कहा कि पार्टी अब किसी परिवार या विरासत की मोहताज नहीं है और नए स्वरूप में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए व्यापक राजनीतिक सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग में पंजीकृत 66 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आगामी चुनावों के बहिष्कार का प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता के प्रयास सफल नहीं होने के बाद अब जनता कांग्रेस प्रदेश में एक स्वतंत्र और संघर्षशील राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ेगी।

जग्गी प्रकरण और विस्थापितों के मुद्दे पर भी बोले

जग्गी प्रकरण से जुड़े सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी, हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विस्थापितों के मामलों की पैरवी वे स्वयं अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

डॉ. रेणु जोगी ने साझा किए संस्मरण

इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने स्वर्गीय अजित जोगी के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि विवाह के समय अजित जोगी ने दहेज लेने से साफ इनकार कर दिया था और जीवनभर सिद्धांतों एवं सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

अमित जोगी ने भी बिलासपुर से अपने परिवार के भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके माता-पिता का बचपन बिलासपुर में बीता और उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के निकट स्थित कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने बिलासपुर को अपने परिवार के लिए "तीर्थस्थल" जैसा बताया।

संगठन विस्तार पर जोर

पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि JCCJ 2.0 और ‘बेटा बचाओ आंदोलन’ को प्रदेशभर में जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा