बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध और भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से शनिवार को बिलासपुर में ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ निकाली गई। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का प्रथम दिवस हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
यात्रा का शुभारंभ तिलक नगर स्थित दक्षिणमुखी श्रीहनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा का नेतृत्व बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व संसदीय सचिव रश्मि सिंह सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यात्रा में भगवान श्रीराम, माता जानकी और हनुमान जी की झांकी सजाई गई थी। श्रद्धालु हाथों में नारियल लेकर यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में 'जय श्रीराम', 'जय सियाराम' और 'जय बजरंगबली' के जयघोष लगाए गए। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती, रामचरितमानस का पाठ, भजन-कीर्तन तथा प्रसाद वितरण भी किया गया।
आयोजकों का कहना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के चरणों में अर्पित किए जाएंगे। विजय केशरवानी ने अपने संबोधन में कहा कि यह यात्रा किसी के विरोध में नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आस्था की अभिव्यक्ति है।
यात्रा का पहला चरण तिलक नगर से प्रारंभ होकर सरकंडा, चांटीडीह, रामायण चौक, लिंगियाडीह, राजकिशोर नगर और मोपका होते हुए मोपका बस्ती में संपन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा का दूसरा चरण 26 जुलाई को सुबह 11 बजे महामाया मंदिर, बिजौर से प्रारंभ होगा और निर्धारित मार्ग से होते हुए बगदाई मंदिर में इसका समापन होगा।


