बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / व्यापार विहार में किराना सामान खरीदने आए एक व्यापारी को अमीर बनाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को तारबाहर पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ खुद को अयोध्या का पंडित बताकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जांजगीर-चांपा जिले के निवासी जनकराम साहू 12 जून को व्यापार विहार बिलासपुर में किराना सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया और स्वयं को अयोध्या का पंडित बताते हुए उन्हें अमीर बनाने का लालच दिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने मौका पाकर ढाई लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना तारबाहर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी (60 वर्ष) निवासी केला बाड़ी, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं उसका साथी वासिम खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
--------------------------
