TODAY छत्तीसगढ़ / रायगढ़ जिले में आर्थिक अपराधों और भोले-भाले ग्रामीणों को लूटने वाली चिटफंड कंपनियों के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन हंट' लगातार जारी है। इसी कड़ी में धरमजयगढ़ पुलिस ने महिलाओं को स्वरोजगार का झांसा देकर 49.50 लाख रुपये की ठगी करने वाली चिटफंड कंपनी 'फ्लोरा मैक्स' के दो फरार अधिकारियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपित लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ऐसे बुनते थे ठगी का जाल
धरमजयगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया ने बीते वर्ष दिसंबर में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने धरमजयगढ़ के नीचेपारा में बकायदा अपना ऑफिस खोल रखा था। शातिर ठगों ने ग्रामीण महिलाओं को व्यवसाय से जोड़ने और प्रतिमाह 2,700 रुपये का मुनाफा देने का प्रलोभन दिया। कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह ने 10-10 महिलाओं के समूह बनाकर चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की करीब 165 महिलाओं को अलग-अलग बैंकों से 30-30 हजार रुपये का लोन दिलवा दिया।
महिलाओं के सिर मढ़ दिया कर्ज का बोझ
आरोपितों ने लोन के पैसों से महिलाओं के नाम पर दुकानें तो खुलवा दीं, लेकिन उन दुकानों से होने वाली पूरी कमाई (आय) पर खुद कब्जा कर लिया। जब महिलाओं को मुनाफे की रकम नहीं मिली और बैंक के कर्ज की किश्तें जमा करने का नोटिस आने लगा, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर कसा शिकंजा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर फरार आरोपितों की धरपकड़ शुरू की गई। मुखबिर तंत्र से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपित श्याम सिंह राजपूत (50 वर्ष) को जांजगीर-चांपा के हथनेवरा से और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू (36 वर्ष) को जशपुर के तिलडेगा से गिरफ्तार कर लिया।
विदित हो कि इस बड़े फर्जीवाड़े में पुलिस कंपनी की एजेंट मंजू चौहान को पहले ही जेल भेज चुकी है, वहीं मास्टरमाइंड डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी कोरबा जिले के एक अन्य ठगी मामले में पहले से ही सलाखों के पीछे हैं। एसएसपी ने दोटूक कहा है कि आम जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले किसी भी ठग को बख्शा नहीं जाएगा।
