बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रतनपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13 नग नाईट्रोजेपम (नाईट्रा) टेबलेट बरामद की गई है, जिसकी कीमत 57 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज थाना रतनपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि भैरवबाबा मंदिर स्थित पुष्प वाटिका के पास एक युवक लोगों से विवाद कर रहा है और अपने पास नशीली टेबलेट रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 नग नाईट्रोजेपम (नाईट्रा) टेबलेट बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष) निवासी उसराभाठा नेवसा, थाना रतनपुर बताया। पुलिस ने नशीली दवाइयों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
