Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सुबह-सुबह बीएसयूपी कॉलोनी पहुंची 100 पुलिसकर्मियों की टीम

300 घरों में दस्तक, पुलिस ने चलाया मेगा वेरिफिकेशन ड्राइव

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने 300 से अधिक मकानों की सघन जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों और आदतन अपराधियों का सत्यापन किया।

पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर रविवार सुबह थाना सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्तों के मार्गदर्शन में विभिन्न पुलिस टीमों ने सुबह आठ बजे से कॉलोनी के अलग-अलग ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थलों की जांच शुरू की।

अभियान के दौरान क्षेत्र में निवासरत गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई। साथ ही बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर निवासियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और सुरक्षा संबंधी सुझाव भी दिए।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से संवाद कर उन्हें आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

अभियान के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के आकस्मिक चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com