Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कृष्णा राइस मिल से 108 कट्टा धान चोरी करने वाले चार आरोपी दबोचे गए

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य बने अहम सुराग

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  तिल्दा-नेवरा स्थित कृष्णा राइस मिल से धान चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का 108 कट्टा धान तथा वारदात में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन बरामद किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 10.82 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गांधी चौक तिल्दा निवासी दीनानाथ अग्रवाल ने थाना तिल्दा-नेवरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कृष्णा राइस मिल में 12-13 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में धान चोरी कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर परवाना देवार, जितेंद्र निषाद, रजत वर्मा और सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चारों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया धान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 108 कट्टा धान तथा घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी-25-एयू-7682 और सीजी-04-पीडी-8673 बरामद कर लिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे भी विस्तृत जांच जारी है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com