रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / डीडी नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने तथा अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
शराब बेचते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुरा स्थित कुरी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छापेमारी की। मौके से अमर गुप्ता, निवासी महादेव घाट को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शंकर साहू, निवासी कुकुरबेड़ा, सरस्वती नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेजा गया।
10 अड्डेबाजों पर भी कार्रवाई
थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। पूर्व में समझाइश दिए जाने के बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर पुलिस ने घेराबंदी कर 10 लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर एसीपी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
