TODAY छत्तीसगढ़ / रायगढ़ ज़िले में पुलिस ने एक महिला की हत्या कर उसका शव जलाने के मामले को सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में मृतका के लिव-इन पार्टनर (प्रेमी) को जशपुर से गिरफ़्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक़, यह पूरी वारदात आपसी विवाद और शक के कारण हुई. पहचान छिपाने के मक़सद से अभियुक्त ने कथित तौर पर महिला के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी.
क्या है पूरा मामला?
पूंजीपथरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले एक कच्चे रास्ते (पगडंडी) पर मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था. मौक़े पर शव को घसीटने के निशान भी मिले थे.
पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाकर अज्ञात अभियुक्त के ख़िलाफ़ नए आपराधिक क़ानून 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
सोशल मीडिया से हुई शव की शिनाख़्त
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने मृतका की पहचान के लिए उसके कपड़ों और अन्य साक्ष्यों की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में प्रसारित कीं.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लक्ष्मी कॉलोनी में किराए पर रहने वाला इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रहने वाली एक महिला कुछ दिनों से ग़ायब हैं. वहीं, सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरें देखकर जशपुर (ग्राम बोरो) के दो युवकों ने शव की पहचान अपनी 60 वर्षीय मां मंगरिता एक्का के रूप में की, जो पूंजीपथरा इलाक़े में मज़दूरी करती थीं.
शक और विवाद के चलते हत्या का आरोप
मृतका की पहचान पुख़्ता होने के बाद पुलिस ने मुख्य संदिग्ध इमिलीयूस तिग्गा की तलाश शुरू की और उसे जशपुर ज़िले के फरसाबहार इलाक़े से हिरासत में ले लिया.
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से मृतका के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था. आरोप है कि मृतका को अभियुक्त पर किसी और महिला से संबंध होने (दूसरी पत्नी रखने) का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
वारदात को कैसे दिया अंजाम?
पुलिस के अनुसार, 17 जून को दोनों गांव जाने के नाम पर घर से निकले थे. रास्ते में एक महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर दोनों ने शराब पी. इसी दौरान पुरानी बातों को लेकर उनके बीच फिर से विवाद हो गया.
आरोप है कि ग़ुस्से में आकर इमिलीयूस ने मंगरिता की साड़ी से ही उसका गला घोंट दिया और शव को झाड़ियों में छिपा दिया. शाम होने पर उसने पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल ख़रीदा और शव को घसीटकर क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले जाकर आग लगा दी, ताकि मृतका की पहचान न हो सके.
पुलिस का कहना है कि अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात के वक़्त पहने गए कपड़े, पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद कर ली गई है. अभियुक्त को गिरफ़्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
