Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बहला-फुसलाकर पिलाई शराब और फिर रिसॉर्ट में दरिंदगी... युवती की मौत का खौफ़नाक सच!

'विशलिंगवुड्स' रिसॉर्ट सील, हैवानियत करने वाले तीनों आरोपी गिरफ़्तार

TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव ज़िले में एक 24 वर्षीय भिलाई की रहने वाली मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है.

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने सख़्त कार्रवाई करते हुए मनगटा स्थित 'विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट' को भी सील कर दिया है, जहाँ यह कथित घटना घटी थी.  

पुलिस की गिरफ्त में मुस्कान की मौत के आरोपी 

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक़, 18 जून को राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पेण्ड्री) से एक युवती की संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद सोमनी थाना पुलिस ने मर्ग क़ायम कर मामले की जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया.

जांच के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण, परिजनों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बताया कि तीन युवक एक राय होकर युवती को बहला-फुसलाकर रायपुर ले गए थे. 

आरोप है कि रास्ते में उन्होंने मुस्कान को ज़बरदस्ती शराब पिलाई और उसे एक क्लब ले गए. वहां से लौटते वक़्त नशे की हालत में मुस्कान को मनगटा के विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट लाया गया. पुलिस का कहना है कि रिसॉर्ट में मदहोशी की हालत का फ़ायदा उठाते हुए मुख्य अभियुक्त (आशुतोष) ने मुस्कान के साथ कथित तौर पर ज़बरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे चोटें भी आईं. बाद में उसकी मौत हो गई.

अभियुक्तों की गिरफ़्तारी और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन अभियुक्तों को पकड़ा है. इनकी पहचान इस प्रकार है:

  • आशुतोष हिरवानी उर्फ़ आशु (26 वर्ष): निवासी सुरगी (राजनांदगांव) - मुख्य अभियुक्त

  • छत्रपाल उर्फ़ बल्लू देशमुख (25 वर्ष): निवासी सोमनी (राजनांदगांव)

  • घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष): निवासी अण्डा (दुर्ग)

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इनके ख़िलाफ़ नए आपराधिक क़ानून 'भारतीय न्याय संहिता' (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

ये था मामला, पढ़ें  -  रिज़ॉर्ट का बाथरूम और एक अनसुलझी मौत: मुस्कान की कहानी में क्या है सस्पेंस?

तीनों अभियुक्तों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जा रहा है. वहीं, इस घटना के बाद ज़िला पुलिस ने अन्य रिसॉर्ट संचालकों को कड़ा संदेश देते हुए घटनास्थल (विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट) को क़ानूनी प्रक्रिया के तहत सील कर दिया है. 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com