जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोड़ी (राछा) स्थित सत्य निजनाम बोध संस्थान में आयोजित सत्य निजनाम सत्संग सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने पुष्पवर्षा और गजमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने परमपूज्य सद्गुरु सत्य कबड्डीदास जी एवं गुरुमाता सत्य लीला देवी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आश्रम परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सत्य निजनाम बोध संस्थान आध्यात्म और नशामुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से ही स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए नशामुक्ति को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। साथ ही जनजागरूकता के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने के लिए विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण बना है। इन क्षेत्रों में अब सड़क, दूरसंचार, राशन वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंच रहा है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076, अटल डिजिटल सेवा केंद्र सहित विभिन्न जनसेवा योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में संस्थान के अनुयायी उपस्थित रहे।
