रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता सदस्य अवि मानिकपुरी ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि अवि भविष्य में भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अवसर और संकल्प मिलने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। खेल अधोसंरचना के विकास तथा खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारतीय हॉकी के उभरते हुए खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी उपस्थित थे।
