Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो', शुरू हुआ 10 दिन का अभियान

युवाओं को बचाने के लिए प्रशासन की बड़ी पहल, नशामुक्ति अभियान शुरू

बिलासपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  /  भारत सरकार और जिला प्रशासन बिलासपुर के समाज कल्याण विभाग की ओर से बुधवार से जिले में 10 दिवसीय विशेष नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 17 जून से 26 जून तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा, जिसके तहत नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान का शुभारंभ लोखंडी स्थित शुद्धि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में हुआ, जहां उपचाररत लगभग 90 लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने हितग्राहियों से संवाद किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ अधिक समय बिताने, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन का पालन करने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान शुद्धि नशा मुक्ति केंद्र के निदेशक राजीव कुमार तिवारी ने देश में नशे की समस्या, उससे जुड़े आंकड़ों तथा संस्था द्वारा किए जा रहे पुनर्वास और परामर्श कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com