बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक धारदार लोहे की तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाहीद शेख उर्फ चिढ़्ढा के रूप में हुई है, जो चांटीडीह पठान मोहल्ला का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि 16 जून को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
