Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

लाखों के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  चक्रधरनगर पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नगदी, दो स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार संतोष कुमार देवांगन निवासी विनोबा नगर ने 9 मई को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी व खिड़की तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोना जैसी धातु, चांदी के गलाए हुए टुकड़े, नगदी रकम, टूटा ताला, वारदात में प्रयुक्त टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी और एक्टिवा वाहन समेत चोरी का सामान गलाने में इस्तेमाल सामग्री बरामद की।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए जेवरों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और साक्ष्य विलोपित करने से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ दी हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा