रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने तमनार, भूपदेवपुर और चक्रधरनगर क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 98 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सारसमाल कुधरी भदरा खेत के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी परमानंद उरांव को पकड़ा गया। उसके कब्जे से अलग-अलग जरीकेनों और प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम किरीतमाल में दबिश देकर आरोपी गंगाधर सिदार के कब्जे से दो जरीकेनों में भरी 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की।
चक्रधरनगर पुलिस ने बालसमुंद मोहल्ला में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रेखा कुजूर के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर पात्र जब्त किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी दुर्गावती यादव के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों महिलाओं के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
