Slider

शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो युवक पर कर दिया हमला

पुलिस को देखकर भागा आरोपी, गिरकर हुआ घायल


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बिलासपुर पुलिस ने युवक पर नुकीली वस्तु से हमला कर फरार हुए आरोपी को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भागने की कोशिश में घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस उसे व्हीलचेयर से अस्पताल लेकर पहुंची।

जानकारी के अनुसार अमन चौहान बापू नगर मरहीं माता मंदिर तोरवा निवासी ने 12 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 10 बजे आरोपी प्रियांशु बक्सेल ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।

अमन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस की टीम सक्रिय हुई। पुलिस के मुताबिक दबिश के दौरान आरोपी उन्हें देखकर भागने लगा, इसी दौरान गिरने से उसके पैर और घुटने में चोट आ गई। घायल होने के कारण वह चल नहीं पा रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और व्हीलचेयर की मदद से अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल जांच कराई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन बदमाश है। इससे पहले उसने थाना तारबाहर क्षेत्र में शेख समीर पर खुदीराम बोस चौक के पास नुकीली वस्तु से हमला किया था। इसके अलावा थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में अपने जीजा के साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इन मामलों में थाना तारबाहर और थाना सिरगिट्टी में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक और आदतन बदमाशों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com