रायगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। नौकरी दिलाने के नाम पर महिला और नाबालिग को झांसे में लेकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला सुरक्षा अभियान के तहत की गई।
मामले में 15 वर्षीय नाबालिग ने 24 अप्रैल को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 16 अप्रैल को उसकी भाभी के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम “विजय” बताते हुए रायगढ़ में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने 22 अप्रैल को दोबारा कॉल कर महिला और नाबालिग को ग्राम अमलीडीह बुलाया। दोनों बस से वहां पहुंचीं, जहां आरोपी ने उन्हें अपने पास बुलाकर ग्रे रंग की कार में बैठाया। आरोपी दोनों को कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पहले महिला के साथ छेड़छाड़ की विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया ।
पीड़िताओं की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 74, 75(2), 76, 351(3) बीएनएस धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मामले में एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष), निवासी रायकेरा के रूप में की। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसकी मारूति ब्रेजा कार (JH-17-Q-2761) सहित गिरफ्तार कर लिया। पीड़िताओं से पहचान कराने पर आरोपी की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी नाम से बुलाकर अपराध करना स्वीकार किया।
