बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेने के आरोप में एक उप निरीक्षक और एक सहायक उप निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पर एक मामले को प्रभावित करने के बदले रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।
एसीबी को शिकायत मिली थी कि बचरापोड़ी पुलिस चौकी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव ने एक व्यक्ति से आपराधिक मामला दर्ज न करने और जांच को प्रभावित करने के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता सत्येन्द्र कुमार प्रजापति ने यह शिकायत एसीबी से की थी। यह मामला एक दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर जाने से एक मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना की जांच पुलिस कर रही थी।
एसीबी के अनुसार, शिकायत के सत्यापन के दौरान सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव ने 25,000 रुपये लेने पर सहमति जताई। इस बीच उनका स्थानांतरण हो गया। इसके बाद चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर चौकी आने के लिए कहा। एसीबी की टीम ने 24 फरवरी को जाल बिछाकर कार्रवाई की और उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया।एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

