Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कर्नाटक के चिड़ियाघर में चार दिन में 31 काले हिरणों की मौत, जीवाणु संक्रमण की आशंका


बेलगावी।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित कित्तूर रानी चेन्नम्मा चिड़ियाघर से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां जीवाणु संक्रमण के चलते चार दिनों में 31 काले हिरणों की मौत हो गई है। लगातार हो रही मौतों के बाद चिड़ियाघर में अब सिर्फ 7 काले हिरण बचे हैं। मामला सामने आते ही सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

4 दिनों में ऐसे हुईं मौतें

चिड़ियाघर सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को 8 हिरणों की मौत हुई। इसके बाद शनिवार को हालात बिगड़ते गए और 20 हिरणों ने दम तोड़ दिया। पिछले दो दिनों में तीन और हिरण मर गए। ये सभी हिरण 4 से 6 साल की उम्र के थे और गडग के बिंकदत्ती चिड़ियाघर से बेलगावी लाए गए थे।

चिड़ियाघर के उप निदेशक नागेश बालेहोसुर ने बताया कि 29वें हिरण की मौत शनिवार रात, 30वें की रविवार शाम और एक घायल हिरण की मौत सोमवार सुबह हुई। अंतिम हिरण की मौत संक्रमण से हुई या पैर में लगी चोट से, यह पोस्टमार्टम के बाद तय होगा।

मंत्री खुद पहुंचे बेलगावी, अधिकारियों को फटकार

वन मंत्री ईश्वर खंड्रे सोमवार को बेलगावी पहुंचे और चिड़ियाघर अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने मौतों पर दुख जताते हुए बीमारी के स्रोत और फैलाव की दिशा में तुरंत जांच करने के आदेश दिए।

विसरा जांच के लिए भेजा गया

हिरणों के विसरा के सैंपल बेंगलुरु स्थित बन्नेरघट्टा वन्य प्राणी रोग निदान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर काले हिरणों की अचानक मौत इस चिड़ियाघर में पहली बार हुई है। डॉक्टरों को जानवरों के इलाज के लिए पर्याप्त समय भी नहीं मिल पाया।

स्थानीय प्रशासन अलर्ट

लगातार मौतों के बाद चिड़ियाघर प्रशासन और वन विभाग हाई अलर्ट पर है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असल वजह स्पष्ट हो पाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा