Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची सुहाग के क़त्ल की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार


 राजनांदगांव ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   खैरागढ़ पुलिस ने पिछले दिनों टिंगामाली के जंगल में हुई एक युवक की हत्या के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने मृतक की हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी की मिलीभगत होना भी बताया है। 

इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के बाद खैरागढ़ एएसपी नेहा पांडे ने मीडिया को बताया कि साजिश में शामिल पत्नी का बयान लिया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ में किराये पर रहने वाले ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत का आरोपी हेमंत वर्मा से प्रगाढ़ मित्रता थी। ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत मूलतः मध्यप्रदेश के पन्ना जिले का रहने वाला है। वह खैरागढ़ इलाके में बतौर दवाई सेल्समेन का काम करता था। इस बीच आरोपी हेमंत वर्मा का ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत के घर आना-जाना शुरू हुआ। इस दौरान ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत की पत्नी से हेमंत वर्मा का प्रेम संबंध बन गया। ब्रजेन्द्र को इस बात की भनक लग गई और आए दिन पति-पत्नी के बीच वाद- विवाद होता था। रोजाना हो रहे विवाद से परेशान होकर पत्नी सोनम राजपूत ने प्रेमी हेमंत वर्मा के साथ मिलकर पति बजेन्द्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 

पुलिस ने बताया कि इस योजना में आरोपी ने अपने एक दोस्त तोवेन्द्र देवांगन को भी साथ मिला लिया। योजना के तहत 3 दिसंबर को मृतक की पत्नी ने आरोपी को घर बुलाया और आरोपी ने पूर्व परिचय का फायदा उठाते हुए ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत को अपने साथ पार्टी मनाने के लिए ग्राम मुढ़ीपार ले गया।

टिंगामाली के जंगल में ब्रजेन्द्र को खूब शराब पिलाकर आरोपी हेमंत वर्मा और उसके साथी ने पत्थर से उस पर कई वार किए। निर्मम हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस से बचने की नीयत से वारदात में प्रयुक्त पत्थर को घटनास्थल से उठाकर दूसरी जगह फेंक दिया । घटना के समय खून से सने कपड़ों को दोनों आरोपियों ने आग लगा दी। पुलिस अफसर के मुताबिक़ इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस ने मोबाइल का कॉल डिटेल काफी मददगार बना, उसी के जरिये आरोपियों की पहचान की गई । 



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा