Slider

Election Results 2023 : बिलासपुर जिले में अमर,अटल,धरम,धर्मजीत,सुशांत और लहरिया जीते


 बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में हुये विधानसभा चुनावों के परिणाम सामने आ गये हैं। भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में बम्पर सीटों साथ अपनी सत्ता बरकार रखी है जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा पूर्ण बहुमत से अधिक सीटें लेकर एक बार फिर से सत्ता के सिंहासन पर सवार हो गई है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की अप्रत्याशित जीत और मिली सीटों ने सभी राजनैतिक पंडितों को चौंका दिया है। 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की 06 विधानसभा सीटों की अगर बात करें तो भाजपा के खाते में 04 और बाकी 02 सीट कांग्रेस की झोली में गई है। जिले की सबसे हॉट और प्रतिष्ठापूर्ण विधानसभा सीट बिलासपुर से अमर अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी शैलेष पांडेय को 28959 मतों के भारी अंतर से हराकर 2018 में मिली पराजय का बदला ले लिया है। कोटा विधानसभा सीट मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रतिष्ठा वाली सीट थी जिसे कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने जीतकर ना सिर्फ जोगी परिवार का किला ध्वस्त किया बल्कि कांग्रेस की परम्परागत सीट को बचाने में सफल रहे। अटल श्रीवास्तव ने भाजपा के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को 7957 मतों से हरा दिया है। जोगी कांग्रेस से चुनाव मैदान में फिर से किस्मत आजमा रहीं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी डॉक्टर रेणु जोगी को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया। मैडम जोगी को कुल 8884 मत मिले। कोटा विधानसभा से 18 साल सदस्य रहने के बावजूद डॉक्टर रेणु जोगी इस चुनाव में अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं। 

जोगी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुये धर्मजीत सिंह पर पार्टी ने तखतपुर से दांव खेला था, भाजपा की मोदी लहर कहिये या फिर वर्तमान विधायक रश्मि आशीष सिंह से  नाराजगी। वजह जो भी रही हो धर्मजीत सिंह कांग्रेस प्रत्याशी को 14892 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर भाजपा नेतृत्व की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। इधर कौशिक बंधुओं के वोट बैंक में फंसी बिल्हा विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक फिर से जीतकर विधानसभा पहुंचें हैं। मस्तूरी में भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर कृष्णमूर्ति बाँधी को कांग्रेस के दिलीप लहरिया ने 20141 मतों के अंतर से हरा दिया है। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

जिले की बेलतरा विधानसभा सीट पर सबसे रोचक मुकाबला रहा, शुरुआत से कांग्रेस प्रत्याशी विजय केशरवानी से पीछे चल रहे युवा नेता सुशांत शुक्ला ने अचानक यु टर्न लिया उसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी पिछड़ते चले गए। भाजपा के युवा चेहरे सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस उम्मीदवार विजय केशरवानी को 16963 मतो के बड़े अंतर से शिकस्त दी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com