0 टीकाकरण में कई बड़े राज्यों से आगे, प्रदेश की करीब 30 प्रतिशत आबादी तक पहुंचा टीका0 45 वर्ष से अधिक के 82 प्रतिशत और 18 से 44 आयु वर्ग के 23 प्रतिशत नागरिक लगवा चुके हैं पहला टीका 0 प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर एक प्रतिशत
प्रदेश की करीब 30 प्रतिशत आबादी को कोरोना से बचाव का पहला टीका लगाया जा चुका है। छत्तीसगढ़ इस मामले में देश के कई बड़े राज्यों से आगे है। बिहार, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओड़िशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान की तुलना में छत्तीसगढ़ में टीकाकरण का कवरेज ज्यादा है। देश में टीकाकरण का राष्ट्रीय औसत करीब 22 प्रतिशत है। प्रदेश में 8 जुलाई को टीकाकरण के बाद अभी एक लाख 98 हजार 890 टीके उपलब्ध हैं। इनमें एक लाख 61 हजार 230 टीके कोविशील्ड के और 31 हजार 660 टीके कोवैक्सीन के हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण और रोकथाम के लिए किए गए प्रभावी उपायों से प्रदेश में संक्रमण अभी नियंत्रण में है। 8 जुलाई की स्थिति में संक्रमण की दर एक प्रतिशत है। मार्च के आखिरी सप्ताह में प्रदेश की पॉजिविटी दर 8.5 प्रतिशत, अप्रैल में 30 प्रतिशत तथा मई के अंतिम सप्ताह में 4 प्रतिशत थी। कोरोना संक्रमण की शुरूआत से लेकर अब तक प्रदेश में नौ लाख 78 हजार 654 लोग कोरोना से स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से आठ लाख 11 हजार 904 मरीजों ने होम आइसोलेशन में रहकर और एक लाख 66 हजार 750 मरीजों ने कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर्स में इलाज कराकर कोरोना को मात दी है। प्रदेश में अभी कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या केवल 4914 है।


